सेवा भारती प्रतापगढ़ के तत्वावधान में रंगास्वामी बस्ती स्थित बाल संस्कार केंद्र पर भारत माता पूजन का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबूदास रंगास्वामी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में निधि बोबड़ा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में टीम टीएसपी के पंकज सेन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अखंड भारत के मानचित्र को दीपों से प्रज्वलित किया गया तथा भारत माता की आरती संपन्न हुई। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने भारत माता के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हुए राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक एकता का भाव प्रकट किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, सेवा भारती के प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख अरविंद शर्मा ने अपने उद्बोधन में भारत के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं अखंड भारत की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत केवल एक भूखंड नहीं, बल्कि हमारी देवभूमि और पावन मातृभूमि है, जिस पर प्रत्येक भारतीय को गर्व करना चाहिए।
शर्मा ने बताया कि पूर्व में भारत का भौगोलिक विस्तार अत्यंत व्यापक था, जिसमें अफगानिस्तान, तिब्बत, नेपाल, बर्मा, श्रीलंका, ईरान सहित दक्षिण-पूर्व एशिया के अनेक क्षेत्र सम्मिलित थे। कालांतर में बाहरी आक्रमणों और सुनियोजित षड्यंत्रों के कारण भारत का यह अखंड स्वरूप खंडित हुआ, किंतु उसकी सांस्कृतिक चेतना और आत्मा आज भी अविभाजित बनी हुई है।
उन्होंने वर्तमान समय में भारत को विभाजित करने के प्रयासों की ओर संकेत करते हुए समाज से संगठित होकर शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से राष्ट्र को आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रकल्प शिक्षिका वर्षा शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन सेवा भारती जिला अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में सेवा भारती जिला मंत्री राजेंद्र सिंह देवड़ा, कृतिका शाह, चंचल राठौर, पिंकी रंगास्वामी, राजकुमारी मीणा, अल्का सेन, जितेंद्र टेलर सहित अनेक कार्यकर्ता एवं बस्तीवासी उपस्थित रहे।

Author: Kanthal Media
Pratapgarh










