

प्रतापगढ़,17 अक्टूबर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पंचायत समिति प्रतापगढ़ की ग्राम पंचायत बरोठा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत बरोठा सरपंच, शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार देवगढ़ एवं बीडीओ प्रतापगढ़ उपस्थित रहे। राज्य सरकार के विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उपस्थित होकर ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही अनेक लाभ प्रदान किए।

शिविर के माध्यम से ग्राम बरोठा के निवासी लक्ष्मण सिंह एवं जितेन्द्र सिंह को उनके पिता के निधन के पश्चात कृषि भूमि पर विरासत नामांतरण करवाने का लाभ प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं शिविर प्रभारी की तत्परता से उनका कार्य तत्काल पूरा किया गया और शिविर स्थल पर ही उनके नाम की जमाबंदी नकल उपलब्ध करवा दी गई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आयोजित शिवी से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर जैसे शिविर वास्तव में आमजन को सरकार से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
*इसी प्रकार शुक्रवार को पंचायत समिति धमोत्तर की ग्राम पंचायत देवगढ़ में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया।*
शिविर में ग्राम पंचायत देवगढ़ के निवासी लालूराम, रमणलाल, कानाराम, गुड्डीबाई, भेरकीबाई तथा ककुडीबाई मीणा ने बताया कि उनका खाता पूर्व में उनके पिता बाबरू पुत्र पुंजिया जी के नाम था। उन्होंने शिविर प्रभारी को विरासत नामांतरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
शिविर प्रभारी ने तत्काल संबंधित पटवारी हल्का से वारिसानों की जांच करवाई तथा मौके पर ही नामांतरण प्रकरण दायर कर स्वीकृत किया गया। आवेदकों को शिविर स्थल पर ही नकल प्रदान की गई। उन्होंने राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।
धरियावद में आयोजित शिविरों में बीज मिनीकिट और पशु बीमा पॉलिसी का वितरण किया गया और हरियालो राजस्थान के तहत पौधा वितरण भी किया गया।
Author: Kanthal Media
Pratapgarh
