माह के अंत में होंगे सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


प्रतापगढ़, 13 अक्टूबर। सांसद खेल महोत्सव के तहत चित्तौडगढ संसदीय क्षेत्र में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर खेलों का आयोजन किया जाएगा। संसदीय क्षेत्र चित्तौड़गढ़ में आने वाली प्रतापगढ़ जिले की ग्राम पंचायतों में 28, 29 व 30 अक्टूबर को इन खेलों का आयोजन ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विजेता रहने वाली टीम मंडल स्तर पर खेलने जाएगी, मंडल स्तर पर विजेता टीम जिला स्तर पर भाग लेगी।

इस संबंध में सोमवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद प्रतापगढ़ की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण मीटिंग का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भंवर लाल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा राम प्रसाद चर्मकार, सहायक निदेशक समग्र शिक्षा शत्रुघ्न शर्मा, उपनिदेशक समाज कल्याण विभाग तुलसीराम आमेटा के साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा परियोजना प्रबंधक राजीविका के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

मीटिंग के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्वतसिंह चूडावत ने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय पर योजना बनाकर प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर व मंडल स्तर पर आयोजन करवाने हैं जिसके लिए आवश्यक सहयोग हेतु सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग के कार्मिकों का सहयोग एवं मैदान उपलब्ध करवाने के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश तेतरवाल ने बताया कि इस संबंध में सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को ब्लॉक नोडल अधिकारी नियुक्त कर आवश्यक शारीरिक शिक्षकों, कार्मिकों व खेल मैदान की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए जाएंगे ।
इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा व प्रारंभिक शिक्षा भी लगातार इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक महेश सिंह जाड़ावत व आजाद सिंह को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के तीन तीन ग्रुप बनाकर 28, 29 व 30 अक्टूबर को इन खेलों का आयोजन करवाना है। इसकी योजना बनाकर 14 अक्टूबर को प्रस्तुत करें जिससे कि इस पर आगे कार्रवाई की जा सके।

Kanthal Media
Author: Kanthal Media

Pratapgarh

Leave a Comment