

प्रतापगढ़, 14 अक्टूबर। जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सेवा शिविरों की प्रगति, आधारभूत सुविधाओं की स्थिति, आमजन की शिकायतों के निवारण, विकास कार्यों एवं विभिन्न अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला कलेक्टर ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, डेटा समय पर पोर्टल पर अपडेट किया जाए और आमजन की समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेंशन जैसी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सहायता शिविरों में नगर परिषद द्वारा एनओसी जारी करने, नामांतरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए ताकि आमजन को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी शिकायत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्यानुरूप कार्य पूर्ण करने और समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को योजनाओं और शिविरों के बारे में जागरूक करें। साथ ही बिजली, पेयजल, सड़क, नालों की सफाई जैसी आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की सतत समीक्षा कर कार्यों को समय पर पूर्ण करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी उपखंड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में शिविरों का निरीक्षण करें, आमजन से संवाद स्थापित करें और फीडबैक लेकर कार्य में सुधार करें ताकि जिले की रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रगति हो सके। बैठक में एसीईओ पर्वत सिंह चुंडावत, एडीएम अश्विनी मालू, एसडीएम सुहागपुरा काजल मीणा, एसडीएम धरियावद, एसडीएम पीपलखूंट, नगर परिषद आयुक्त जितेंद्र मीणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी. आर. आमेटा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Kanthal Media
Pratapgarh
