Category: राज्य

जिला कलक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक प्रतापगढ़, 10 नवम्बर। जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों एवं अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. राजोरिया ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनभागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रमों को सफल बनाएं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम, ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान, खाद्य सामग्री की जांच, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना एवं लाडो प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पेयजल सप्लाई, सड़कों की मरम्मत तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में उपवन संरक्षक हरिकिशन सारस्वत, सीईओ पर्वत सिंह चुंडावत, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की उपायुक्त नीता वासिटा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक डॉ. टी.आर. आमेटा, महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक नेहा माथुर, जिला उद्योग एवं वाणिज्यिक केंद्र की महाप्रबंधक मंजु माली, जिला रसद अधिकारी रामचंद्र शेरावत तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।