
प्रतापगढ़, 15 सितंबर। जिले में चिकित्सा विभाग की ओर से 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार, अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया के निर्देशन में सोमवार दोपहर 12 बजे जिला कलक्ट्रेट सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा, पीएमओ डॉ. आलोक यादव, आरसीएचओ डॉ. जगदीप खराड़ी, उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवारÓ अभियान के बारे में जानकारी दी.। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पहले दिन जिला मुख्यालय पर जिला चिकित्सालय में मुख्य शिविर एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं के साथ ही महिलाओं को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा अन्य चिकित्सा संस्थानों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने ने बताया कि इस 15 दिवसीय अभियान का मुख्य लक्ष्य महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के तहत जिलेभर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जहां महिलाएं एवं अन्य आमजन अपनी स्वास्थ्य जांच करवा सकेंगे। इन शिविरों में एनीमिया, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की जाएगी। महिलाओं को सही पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसमें संतुलित आहार, आयरन और कैल्शियम युक्त भोजन और अन्य पोषक तत्वों की आवश्यकता पर जोर दिया जाएगा। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता और व्यक्तिगत देखभाल, गैर संचारी रोग जैसे कैंसर, टीबी, सिकल सेल एनिमिया आदि पर ध्यान केन्द्रित करना, मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण को बढ़ावा देना, टीकाकरण, एएनसी जांच और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना, स्वास्थ्य के लिए जागरूकता हेतु समुदाय को संगठित करना तथा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान टीकाकरण कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं की जांच और टीकाकरण तथा शिशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य चिकित्सा सेवाएं भी मुहैया कराई जांएगी। अभियान में आने वाले सभी लाभार्थियों को उसी दिन यू-विन व पीसीटीएस पर अपडेट भी किया जाएगा। अभियान के दौरान नियमित टीकाकरण सत्रों का आयोजन यथावत किया जाएगा। 17 सितम्बर एवं 24 सितम्बर स्कूलों में दो दिवसीय टीडी-10 व टीडी-16 हेतु विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविरों में आने वाले लोगों को चिकित्सा संबंधित योजनाओं जैसे मां वाउचर योजना और आयुष्मान कार्ड योजना के तहत पंजीयन आदि कार्य भी किए जाएंगे।
Author: Kanthal Media
Pratapgarh
