

प्रतापगढ़, 27 अक्टूबर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में जिला कलक्टर ने पीपीटी के माध्यम से मौसमी बीमारियों की रोकथाम, टीबी मुक्त भारत अभियान, एनीमिया मुक्त भारत अभियान , लाडो प्रोत्साहन योजना , जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर बेहतर रैंक लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल की नियमित जांच एवं जल जीवन मिशन कार्यों की गुणवत्तापूर्ण मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए तथा नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित हो।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसानों को तारबंदी योजना की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में सीईओ ज़िला परिषद पर्वत सिंह चुंडावत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी.आर. आमेटा, जिला रसद अधिकारी रामचंद्र शेरावत, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू माली, डीसीएमएचओ, पीएमओ आलोक शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Kanthal Media
Pratapgarh
