



प्रतापगढ़। प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री स्व. नंदलाल मीणा के देवलोक गमन पर रविवार को प्रतापगढ़ में श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश के कई मंत्री और नेता पहुंचे। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के निज निवास पहुंचकर स्व. मीणा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। दोनों मंत्रियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि नंदलाल मीणा का जनसेवा के प्रति समर्पण और आदिवासी समाज के उत्थान में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी रविवार को प्रतापगढ़ पहुंचे। सर्किट हाउस पर उन्हें पुलिस विभाग द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने अंबामाता स्थित स्व. मीणा के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी प्रतापगढ़ पहुंचकर स्व. मीणा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि नंदलाल मीणा का जीवन जनसेवा, सादगी और समाजहित को समर्पित था। वे जनजाति क्षेत्र के विकास और समाज के सशक्तिकरण के लिए सदैव अग्रणी रहे। बाद में राठौड़ भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
स्व. मीणा के प्रति प्रदेशभर में शोक की लहर व्याप्त है। उनके योगदान को जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता एक प्रेरणा के रूप में याद कर रहे हैं।
Author: Kanthal Media
Pratapgarh
