भाजपा सेवा पखवाड़ा जिला कार्यशाला आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतापगढ़ 12 सितंबर, भारतीय जनता पार्टी प्रतापगढ़ जिले की सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आयोजित आत्मनिर्भर भारत, एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं सांसद खेल महोत्सव की जिला कार्यशाला शुक्रवार को जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी रहे। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने की।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदेश मंत्री एवं धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा, जिला महामंत्री नरेंद्र गिरी गोस्वामी, आशीष जैन, रवि जोशी, धरियावद प्रधान हकरी देवी मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल कुमावत एवं पूर्व जिला महामंत्री गजेंद्र चंडालिया रहे।

कार्यशाला की शुरुआत से पूर्व सांसद जोशी एवं जिला अध्यक्ष कृष्णावत ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई ने बताया कि कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है और विश्व की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मोदी ने अमेरिका के टैरिफ की परवाह न करते हुए भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य शुरू किया, जिसके बाद अमेरिका भी भारत को अपना पुराना व विश्वसनीय मित्र मानने पर मजबूर हुआ।

सांसद जोशी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए भारत निर्मित वस्तुओं की खरीद को प्राथमिकता दें। उन्होंने सेवा पखवाड़ा अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि मंडल स्तर पर स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्य आयोजित कर उन्हें सरल ऐप पर अपलोड किया जाए।

उन्होंने सांसद खेल महोत्सव की रूपरेखा बताते हुए कहा कि मंडल, उपखंड और लोकसभा स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही उन्होंने जीएसटी सुधार को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार शुल्क कम कर आम नागरिकों को राहत दी है।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीणा, जिला महामंत्री रवि जोशी, आशीष जैन, रमेश गोपावत और पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल कुमावत ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने पार्टी के कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने और आमजन को जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यशाला में जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Kanthal Media
Author: Kanthal Media

Pratapgarh

Leave a Comment