


प्रतापगढ़ शहर में प्रतियोगी परीक्षाओं से ठीक एक दिन पहले रोडवेज बसों की अव्यवस्था ने छात्रों को परेशानी में डाल दिया। शुक्रवार देर रात हायर सेकेंड्री रोड स्थित पीएनबी बैंक के बाहर सैकड़ों की संख्या में नाराज छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की और रोडवेज प्रशासन से व्यवस्था सुधारने व अतिरिक्त बस चलाने की मांग की हैं। परीक्षार्थियों ने बताया कि उनकी परीक्षा अगले दिन है, जिसके लिए वे समय से पहले विभिन्न शहरों में जाने हेतु बस स्टैंड पहुंचे थे। लेकिन बसों की संख्या कम होने और व्यवस्थाओं के अभाव में वे घंटों से इंतजार कर रहे थे। कई छात्रों ने कहा कि लगातार इंतजार और अनिश्चितता के कारण उन्हें परीक्षा छूटने का डर सता रहा है। इसी नाराजगी में सभी छात्र सड़क पर बैठ गए और यातायात रोक दिया। सूचना मिलते ही एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर शहर कोतवाल दीपक बंजारा और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और समझाइश देकर जाम हटवाया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग को ध्यान में रखते हुए रोडवेज प्रबंधन से तत्काल बातचीत की जा रही है। इधर, बस स्टैंड पर भी परीक्षार्थियों की भारी भीड़ जुटी रही। छात्र-छात्राओं का कहना था कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण दिनों में अतिरिक्त बसें चलाना जरूरी है, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को परेशानी न झेलनी पड़े। प्रशासन और रोडवेज विभाग ने स्थिति को देखते हुए समाधान का भरोसा दिलाया।

Author: Kanthal Media
Pratapgarh
