

प्रतापगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 सितंबर को बांसवाड़ा में होने वाली सभा की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठकों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में पीपलखूंट एवं लांबाडाबरा मंडल की बैठकें क्रमशः पीपलखूंट एवं कटारो का खेड़ा में आयोजित हुईं।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि लांबाडाबरा मंडल अध्यक्ष नवल निनामा ने अध्यक्षता की। इस दौरान आगामी सभा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष कृष्णावत ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन को सभा स्थल तक पहुंचाने का प्रयास करें, ताकि प्रधानमंत्री की सभा ऐतिहासिक बन सके। उन्होंने कहा कि यह सभा दक्षिण राजस्थान की राजनीति में एक नया अध्याय लिखेगी।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला महामंत्री रवि जोशी, जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण निनामा, प्रतापगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष उत्सव जैन, जिला मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य नाथूलाल मीणा शामिल थे। सभी ने मिलकर प्रधानमंत्री मोदी की सभा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यकर्ताओं ने भी विश्वास दिलाया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर प्रत्येक व्यक्ति तक सभा का संदेश पहुंचाएंगे और सभा को ऐतिहासिक बनाने में कोई कमी नहीं रखेंगे।
Author: Kanthal Media
Pratapgarh
